Holi Special Train : होली के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बड़ी राहत दी है. रेलवे प्रशासन द्वारा बिलासपुर जोन से 15 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है. वर्तमान में 6 प्रमुख ट्रेनों के कुल 14 फेरों की घोषणा के साथ ही इनमें रिजर्वेशन की सुविधा भी शुरू कर दी गई है. विशेष ट्रेनों से छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश जैसे 7 राज्यों के लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी. रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों के परिचालन से न केवल नियमित ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची कम होगी, बल्कि यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में भी आसानी होगी. वर्तमान में इन सभी ट्रेनों की विभिन्न श्रेणियों में पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं.


