IAF aircraft incident: महाराष्ट्र के पुणे एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर रात एक बड़ी दुर्घटना टल गई, लेकिन इसके असर से पूरे एयरपोर्ट की व्यवस्था हिल गई। भारतीय वायुसेना के एक विमान की हार्ड लैंडिंग के कारण रनवे को तुरंत बंद करना पड़ा, जिससे रातभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार रात करीब 10:25 बजे भारतीय वायुसेना का एक लड़ाकू विमान पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए आ रहा था। इसी दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई। बताया गया कि, विमान का लैंडिंग गियर अचानक काम करना बंद कर गया, जिसके कारण विमान सामान्य तरीके से उतर नहीं सका और रनवे पर जोर से टकरा गया। इस स्थिति को हार्ड लैंडिंग कहा जाता है। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कारणों से रनवे को बंद कर दिया गया, ताकि किसी अन्य विमान को खतरा न हो और स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।


