IAS Jayshree Jain Sakti Collector: आईएएस अधिकारी जयश्री जैन अब छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले की नई कलेक्टर बन गई हैं. उनके कलेक्टर बनने पर न केवल छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर, बल्कि राजस्थान के बीकानेर जिले के गंगाशहर के लोगों को भी बेहद गर्व हो रहा है. छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने 18 अगस्त 2026 को 22 आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए संयुक्त सचिव (वन और जलवायु परिवर्तन विभाग) पद पर तैनात आईएएस जयश्री जैन को सक्ती जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी है. सक्ती जिला कलेक्टर जयश्री जैन की सफलता की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है जो मानते हैं कि सरकारी स्कूलों में पढ़कर कलेक्टर नहीं बना जा सकता. जयश्री जैन ने अपनी मेहनत और सरकारी स्कूल की पढ़ाई के बल पर जिला कलेक्टर बनने तक का सफर तय किया है. जयश्री जैन ने साल 2021 में बिलासपुर अपर कलेक्टर और साल 2025 में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रबंध संचालक के रूप में भी बेहतरीन कार्य किया.


