IAS Sonal Goel Success Story: त्रिपुरा कैडर की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनल गोयल ने माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप तक पहुंचकर तिरंगा फहराया। करीब 14 दिनों की इस कठिन यात्रा के दौरान उन्होंने युवाओं को ‘ड्रग्स नहीं, ड्रीम्स चुनो’ का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने कैंसर जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त भारत को लेकर भी लोगों को जागरूक किया।
सोनल गोयल के अनुसार, युवाओं की ऊर्जा को अगर सही दिशा मिले तो वे अपने सपनों को पूरा करने के साथ देश के भविष्य को भी नई दिशा दे सकते हैं। एवरेस्ट बेस कैंप पर उन्होंने तिरंगे के साथ कैंसर जागरूकता का प्रतीक रिबन भी प्रदर्शित किया।
न्यूजीलैंड दौरे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, चोट के चलते हार्दिक पांड्या हुए बाहर
पिता की याद में कैंसर जागरूकता का संकल्प
आईएएस सोनल गोयल ने बताया कि वर्ष 2023 में कैंसर के कारण उन्होंने अपने पिता को खो दिया था। इसके बाद उन्होंने समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए भी इस अभियान को आगे बढ़ाया, जहां उन्हें करीब 30 लाख लोग फॉलो करते हैं।
सोनल का कहना है कि अगर उनके प्रयासों से किसी एक परिवार को भी कैंसर से जुड़ी परेशानी के प्रति समय रहते जागरूक होने में मदद मिलती है, तो यह उनके पिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
दो साल की तैयारी के बाद एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचीं
एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचने की यह यात्रा अचानक लिया गया फैसला नहीं था। सोनल गोयल ने इसके लिए करीब दो वर्षों तक शारीरिक और मानसिक तैयारी की। इस दौरान उन्होंने कई हाई-एल्टिट्यूड ट्रेक, मैराथन और अन्य यात्राओं में हिस्सा लिया।
उत्तराखंड की रुपिन-सुपिन घाटी, हिमाचल प्रदेश का हातू पीक, तुंगनाथ ट्रेक, कैलाश मानसरोवर यात्रा, लद्दाख हाफ मैराथन और मसूरी मैराथन जैसे अभियानों ने उनकी तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
करीब 14 दिनों की यात्रा में उन्होंने शून्य से नीचे तापमान, कम ऑक्सीजन, कठिन चढ़ाई और सीमित संसाधनों के बीच लगभग 140 किलोमीटर का ट्रेक पूरा किया। सोनल के मुताबिक, इस यात्रा ने उन्हें अनुशासन, धैर्य और टीमवर्क के साथ मजबूत इच्छाशक्ति का महत्व भी सिखाया।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
सोनल गोयल ने एवरेस्ट बेस कैंप से युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने सपनों को जीवन का लक्ष्य बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘नशामुक्त भारत अभियान’ जैसे प्रयासों को सफल बनाने में युवाओं और समाज की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उनके अनुसार, युवाओं की ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक दिशा में इस्तेमाल देश के विकास में अहम भूमिका निभा सकता है।
बिलासपुर हिंसा मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर पुलिस के हत्थे चढ़ा; 30 गिरफ्तार
5364 मीटर की ऊंचाई पर फहराया तिरंगा
सोनल गोयल फिलहाल त्रिपुरा सरकार में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ वह सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों में भी सक्रिय रहती हैं। 5364 मीटर की ऊंचाई पर एवरेस्ट बेस कैंप में तिरंगा फहराकर उन्होंने कैंसर जागरूकता और नशामुक्त भारत का संदेश दिया।



