खैरागढ़ – फिल्मी अंदाज़ में ATM मशीन तोड़कर पैसे निकालने की कोशिश करने वाला आरोपी हकीकत की जमीन पर ज्यादा देर टिक नहीं पाया. ‘रातों-रात अमीर बनने’ का उसका प्लान कुछ ही घंटों में पुलिस की कार्रवाई के सामने धराशायी हो गया. 14 अप्रैल को उदयपुर स्थित ATM में तोड़फोड़ की घटना सामने आई. मशीन की देखरेख करने वाले कर्मचारी ने जब ATM बंद देखा तो अंदर का मंजर चौंकाने वाला था.
मशीन के साथ लॉबी में छेड़छाड़ और तोड़ फोड़ हुई थी, साफ था कि किसी ने पूरी तैयारी के साथ ‘कैश लूटने’ की कोशिश की, लेकिन तकनीक और सुरक्षा के आगे उसकी चाल नहीं चल पाई. मामले की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस ने तेजी दिखाते हुए अपराध दर्ज किया और तुरंत जांच शुरू कर दी. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों जैसे आसपास की गतिविधियों, संदिग्ध मूवमेंट और मुखबिर नेटवर्क का सहारा लिया. इसी दौरान एक अहम सूचना मिली कि एक व्यक्ति पुलिस को देखकर असामान्य तरीके से बचने की कोशिश कर रहा है. बस फिर क्या था, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी चंपालाल जंघेल (40 वर्ष), निवासी ग्राम उदयपुर ने ATM में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करना स्वीकार कर लिया. उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए गए हैं.
पुलिस ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. आज के समय में ATM मशीनें केवल लोहे का डिब्बा नहीं, बल्कि हाई-टेक सुरक्षा सिस्टम से लैस होती हैं, CCTV निगरानी, अलार्म सिस्टम और डिजिटल ट्रैकिंग जैसे कई स्तर होते हैं. ऐसे में ‘आसान टारगेट’ समझकर छेड़छाड़ करना सीधा कानून के जाल में फंसना है. चंपालाल ने सोचा था मशीन तोड़कर पैसा निकलेगा… लेकिन निकला क्या? सीधे जेल का रास्ता!
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।