राजस्थान पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क पर कार्रवाई तेज कर दी है। कमीशन के लालच में साइबर ठगों को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ऐसे संदिग्ध बैंक खाताधारकों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की गई है। पिछले तीन महीनों में प्रदेश में 10 हजार से ज्यादा संदिग्ध खाताधारकों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।
म्यूल अकाउंट देने वालों को गिरफ्तारी की चेतावनी
साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों को आमतौर पर म्यूल अकाउंट कहा जाता है। ऐसे खातों के जरिए साइबर ठग ठगी की रकम ट्रांसफर करते हैं। पुलिस ने कमीशन के बदले खाते उपलब्ध कराने वाले संदिग्ध खाताधारकों को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय पर पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं होने पर पुलिस कानूनी कार्रवाई कर सकती है। पुलिस ने ऐसे मामलों में गिरफ्तारी और जेल भेजने की चेतावनी भी दी है।
राजस्थान में 1.42 लाख से ज्यादा साइबर शिकायतें
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 तक राजस्थान में साइबर ठगी से जुड़ी 1 लाख 42 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए पुलिस ने ठगी करने वाले आरोपियों के साथ-साथ उनके नेटवर्क में मदद करने वाले लोगों पर भी कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस की नजर खास तौर पर उन लोगों पर है, जो पैसे या कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराते हैं। पुलिस ऐसे खातों के जरिए होने वाले लेनदेन और उनसे जुड़े लोगों की जांच कर रही है।
साइबर शिकायतों के लिए हेल्पलाइन भी मजबूत
साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों की त्वरित सुनवाई के लिए राजस्थान पुलिस ने अपनी हेल्पलाइन व्यवस्था को भी मजबूत किया है। शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई के लिए हेल्पलाइन लाइनों की संख्या 30 से बढ़ाकर 53 कर दी गई है।
बैंक खाता किराए पर देने से बचने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे कमीशन या कुछ पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम, नेट बैंकिंग या अन्य बैंकिंग सुविधाएं किसी अनजान व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में ऐसे खातों का इस्तेमाल होने पर खाताधारक भी जांच के दायरे में आ सकता है।
पुलिस ने लोगों से साइबर ठगों के झांसे में नहीं आने और किसी भी तरह से उनके नेटवर्क का हिस्सा न बनने की अपील की है।
LPG Cylinder Price: एक दशक बाद घरेलू गैस पर लौटेगा पुराना सिस्टम, e-KYC से तय होगी सिलेंडर की कीमत
48 घंटे में 45 साइबर ठग गिरफ्तार
इससे पहले राजस्थान की डीग पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ चलाते हुए 48 घंटे में 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 मोबाइल फोन, 49 फर्जी सिम कार्ड और 2 बाइक बरामद की थीं। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क पर शिकंजा कसने का संकेत दिया था।


