राजस्थान: डीग जिले के घोसिंघा गांव में शादी के जश्न के बीच लापरवाही का ऐसा नजारा देखने को मिला कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, विवाह समारोह में आतिशबाजी के दौरान बारातियों की लापरवाही से कार में आग लग गई। हालांकि, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाराती जिस गाड़ी में सवार थे, उसके बोनट पर स्काई शॉट (रॉकेट) का बॉक्स रखकर आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान जलता हुआ बॉक्स फिसलकर खुले सनरूफ से गाड़ी के अंदर जा गिरा। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई और आग का गोला बन गई। अचानक आग भड़कने से बारात में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में गाड़ी की सीट और अंदरूनी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।


