Vedanta Power Plant accident update: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट हादसे में अब तक मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। प्रशासन की ओर से जारी ताजा सूची के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में 5 लोग छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जबकि 15 मृतक अन्य राज्यों से हैं। हादसे में घायल 15 लोगों का छत्तीसगढ़ के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल मरीजों के बेहतर इलाज के लिए 5 एयर एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है। इसके अलावा भविष्य में जरूरत पड़ने पर रेफर करने के लिए हैदराबाद के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों से भी टाई-अप किया गया है। घटना के बाद जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। कलेक्टर और एसपी ने बुधवार को भी बॉयलर ब्लास्ट के घटना स्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।



