Rajasthan News : डूंगरपुर के सागवाड़ा में रसोई गैस उपभोक्ताओं, प्रवासी श्रमिकों, विद्यार्थियों और किराए पर रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब 5 किलो का एफटीएल यानी ‘छोटू सिलेंडर’ पेट्रोल पंपों और रिटेल आउटलेट्स पर भी उपलब्ध होगा। नए निर्देशों के अनुसार सभी रिटेल आउटलेट संचालकों को अपने यहां कम से कम 6-6 छोटू सिलेंडर स्टॉक में रखना अनिवार्य होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर उपभोक्ताओं को तुरंत गैस मिल सके। अब तक छोटे सिलेंडर के लिए गैस एजेंसी जाना पड़ता था, लेकिन नई व्यवस्था के बाद नजदीकी पेट्रोल पंप से ही सिलेंडर खरीदा जा सकेगा।
नई व्यवस्था से खासकर उन लोगों को फायदा होगा जो नौकरी, पढ़ाई या अन्य कारणों से घर से दूर रहते हैं और रेगुलर घरेलू गैस कनेक्शन नहीं ले पाते। डीलर्स अपने आउटलेट पर छोटू सिलेंडर बेच सकेंगे और जरूरत पड़ने पर नजदीकी गैस एजेंसी से सप्लाई ले सकेंगे। सिलेंडरों को ग्राहकों की नजर में आने के लिए पेट्रोल पंप या सेल्स बिल्डिंग के बाहर सुरक्षित व प्रमुख स्थान पर रखना अनिवार्य किया गया है।
दिल्ली में ई-रिक्शा चालकों के लिए बड़ा बदलाव, 10 दिन की अनिवार्य ट्रेनिंग के बाद ही मिलेगा लाइसेंस
डीलर्स को प्रति सिलेंडर 40 रुपए का मिलेगा मार्जिन
डूंगरपुर के सागवाड़ा गैस सर्विस के संचालक सन्नी बामणिया ने बताया कि 5 किलो के रिफिल की कीमत 862 रुपए तय की गई है। बिना खाली सिलेंडर के नए कनेक्शन की कीमत 1806 रुपए होगी। डीलर्स को प्रति सिलेंडर 40 रुपए का मार्जिन मिलेगा। नए कनेक्शन के लिए लंबी कागजी प्रक्रिया नहीं होगी। ग्राहक को सिर्फ आधार, पैन या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक पहचान पत्र की कॉपी देनी होगी। साथ में नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा। डीलर्स को रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।


