Rajasthan Nikay Chunav 2026 को लेकर राज्य सरकार ने मतदान वाले दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया है। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के दिन सरकारी कार्यालयों के साथ औद्योगिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी छुट्टी मिलेगी। निजी कंपनियों और संस्थानों में काम करने वाले श्रमिकों को यह अवकाश सवैतनिक यानी वेतन के साथ दिया जाएगा। राजस्थान सरकार के सामान्य प्रशासन (ग्रुप-2) विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक नगरीय निकायों के आम चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में 9 सितंबर 2026, बुधवार और दूसरे चरण में 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को मतदान होगा। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में इन दोनों तारीखों को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के लिए जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को अधिकृत किया गया है।


