रायपुर : रायपुर समेत प्रदेशभर के ग्रामीण क्षेत्रों के गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। अब यहां के उपभोक्ता भी शहरी क्षेत्र की तरह 25 दिन में ही गैस सिलेंडर बुक करा सकेंगे। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में लाखों उपभोक्ताओं का गैस कनेक्शन हैं। इसमें दो से तीन हजार सिलेंडरों की बुकिंग प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों से ही होती है। अब तक ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बुकिंग की अवधि 45 दिन निर्धारित थी, जिसे घटाकर अब 25 दिन कर दिया गया है। अमरीका-ईरान युद्ध की स्थिति के चलते गैस आपूर्ति में कमी की आशंका को देखते हुए तेल कंपनियों ने बुकिंग के नियमों में बदलाव किया था। यानी सिलेंडर लेने के 45 दिन बाद ही ग्रामीण उपभोक्ता दूसरी बुकिंग कर सकते थे। इससे बड़े परिवारों और शादी-समारोह वाले घरों में परेशानी हो रही थी।


