राजस्थान : जैसलमेर के धउवा गांव के पास SM पब्लिक स्कूल की बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई बस में करीब 25 बच्चे सवार थे, जिन्हें ड्राइवर ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। नगरपरिषद की दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे में किसी बच्चे के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्कूल बस जलकर पूरी तरह कबाड़ हो गई।
जैसलमेर में मंगलवार सुबह 6:30 बजे चलती स्कूल बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में करीब 25 बच्चे सवार थे। इंजन से धुआं उठते ही ड्राइवर ने तुरंत बस रोककर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। हादसा धऊवा गांव के पास हुआ। बस जैसलमेर से ग्रामीण इलाकों में और बच्चों को लेने जा रही थी तभी उसमें आग लग गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। आग बुझने तक बस का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। गनीमत रही कि किसी बच्चे या स्टाफ को चोट नहीं आई। हालांकि बच्चों के स्कूल बैग, किताबें और बस में रखा अन्य सामान जल गया।
इंजन वाले हिस्से से उठने लगा धुआं
जानकारी के अनुसार, बस पिथला गांव से बच्चों को लेकर शहर से करीब 12 किमी दूर डाबला रोड स्थित एसएम पब्लिक स्कूल जा रही थी। धऊवा के पास पहुंचते ही इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं।
ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी, सभी बच्चों को बाहर निकाला
ड्राइवर ने बिना देर किए बस को सड़क किनारे रोक दिया। गेट खोलकर एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी मौके पर पहुंचकर मदद की। बच्चों को बस से दूर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
News Ghanti पर प्रकाशित सभी समाचार, लेख और जानकारियाँ केवल सामान्य सूचना एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं देते। वेबसाइट पर प्रकाशित विचार लेखकों के व्यक्तिगत हैं। किसी भी जानकारी के उपयोग से होने वाली हानि के लिए News Ghanti उत्तरदायी नहीं होगा।